लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता
नौतनवा के पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी के नौतनवा तहसील पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को नजरबंद (हाउस अरेस्ट) कर दिया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। बताया जा रहा है कि अमनमणि त्रिपाठी द्वारा किसी मुद्दे को लेकर धरना देने की घोषणा की गई थी, जिसके चलते संभावित भीड़ और अव्यवस्था को रोकने के लिए पहले ही एहतियाती कार्रवाई की गई।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम ने कई कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर उन्हें बाहर निकलने से मना किया और नजरबंद कर दिया। कुछ स्थानों पर पुलिस की तैनाती भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
वहीं, समर्थकों का आरोप है कि प्रशासन लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रहा है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा रही। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






