अयोध्या
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय को अयोध्या के होटल पदम श्री पैलेस में पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने का दावा कांग्रेस ने किया है। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन और राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि अजय राय 30 जून को पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ रामलला के दर्शन करने वाले थे। इसी उद्देश्य से वह एक दिन पहले अयोध्या पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें होटल में ही रोक दिया।
अंशू अवस्थी ने कहा कि भाजपा सरकार दर्शन करने वालों पर नियंत्रण करना चाहती है और यह योगी आदित्यनाथ सरकार की तानाशाही का उदाहरण है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राम मंदिर में केवल चोरों और डकैतों को ही जाने का अधिकार है?
कांग्रेस प्रवक्ता ने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और संघ से जुड़े लोग इस मामले में शामिल हैं, इसलिए सरकार विपक्षी नेताओं को रोककर सच सामने आने से बचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को किस आधार पर होटल में हाउस अरेस्ट किया गया।
हालांकि, इन आरोपों पर प्रशासन या राज्य सरकार की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






