बदायूं
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद बढ़ गया। मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस के बीच कहासुनी के बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। घटना में सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक कॉन्स्टेबल के सिर में चोट लगने की भी सूचना है।
पथराव के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस की करीब चार गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। एक एंबुलेंस को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। अचानक हुए बवाल से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पथराव और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







