उन्नाव
भारतीय जनता पार्टी के दो विधायकों के बीच जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के राजेपुर वाजिदपुर का बताया जा रहा है, जहां विधायक पंकज गुप्ता और विधायक ब्रजेश रावत आमने-सामने आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार, विवाद ब्रजेश रावत की पैतृक जमीन को लेकर शुरू हुआ, जिस पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया गया है। विधायक ब्रजेश रावत ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर पंकज गुप्ता और उनकी बहन द्वारा कब्जा किया गया है।
विवाद बढ़ने पर विधायक पंकज गुप्ता की ओर से जमीन पर घेराबंदी कर दी गई। इसके जवाब में विधायक ब्रजेश रावत ने कथित तौर पर बुलडोजर की मदद से इस घेराबंदी को हटवा दिया, जिससे मामला और अधिक तूल पकड़ गया।
इसके बाद विधायक ब्रजेश रावत ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।




