लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता
विकास खंड लक्ष्मीपुर की ग्राम सभा लक्ष्मीपुर एकमा स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान तेजेन्द्र पाल उर्फ गोल्डी सिंह ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। हमें शुद्ध वायु, ऑक्सीजन और संतुलित पर्यावरण पेड़ों से ही प्राप्त होता है।
उन्होंने कहा कि जिस तेजी से पेड़ों की कटाई हो रही है, यदि समय रहते इसे नहीं रोका गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे। केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान शिक्षक अवधेश कुमार गुप्ता, मनोज उपाध्याय, राजेन्द्र पाल, गौरव, परवेज आलम, गीता तथा रोजगार सेवक इन्द्र प्रताप पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







