लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिपरा सोहट का एक वीडियो रविवार को इन्टरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में एक युवक दिनदहाड़े हाथ में कथित हथियार लिए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से लोगों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वीडियो पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया है। तरह तरह के इन्टरनेट मीडीया पर यह वीडियो नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।जिससे कानून-व्यवस्था बनी रहेगी और लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा।
हालांकि, प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया,उसमें दिखाई दे रहा हथियार वास्तविक है या नहीं,अथवा वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया था। ऐसे में केवल प्रसारित वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।कोल्हुई थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि वीडियो को संज्ञान में लेकर उसकी सत्यता की जांच शुरू कर दी गई है।उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।







