Home / अपराध / एटा में भीषण सड़क हादसा: खराब रोडवेज बस के पास खड़े यात्रियों को ट्रक ने रौंदा, 5 की मौत, 11 घायल  

एटा में भीषण सड़क हादसा: खराब रोडवेज बस के पास खड़े यात्रियों को ट्रक ने रौंदा, 5 की मौत, 11 घायल  

 

एटा

जनपद के बागवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कीलर मऊ के पास उस समय हुआ, जब फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही रोडवेज बस तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। बस से उतरकर बाहर खड़े यात्रियों को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस खराब होने के बाद कई यात्री सड़क किनारे खड़े होकर बस के ठीक होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आया ट्रक अनियंत्रित होकर यात्रियों पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एटा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने पांच यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सत्येंद्र, राजेश, सुखराम, शैलेश और प्रभाकर के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।

घायल यात्री आनंद ने बताया कि बस रास्ते में खराब हो गई थी, जिसके कारण कई यात्री नीचे उतरकर सड़क किनारे खड़े थे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

घायलों में आनंद, विवेक, पूरन, विक्रांत, सुमित, नीतीश, विशाल, रवि, यतेंद्र, दश, रिशु और बृजेश शामिल हैं। सभी का एटा मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल