कोलकाता
मध्यग्राम इलाके में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ अधिकारी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ अधिकारी पर उस समय हमला किया गया जब वे मध्यग्राम क्षेत्र से गुजर रहे थे। अचानक बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
इस हत्या को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। सुवेंदु अधिकारी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।





