कौशांबी
अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। फैक्ट्री संचालक नौशाद के 18 वर्षीय बेटे आदिल को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आदिल के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपित को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात करीब दो बजे टीम ने आदिल की घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वह बाइक मोड़कर भागने लगा। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस का दावा है कि इसके बाद आदिल ने टीम पर दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद से पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी है। हादसे में अब तक नौ बच्चों समेत 14 लोगों की मौत की बात सामने आई है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और प्रशासन अवैध पटाखा कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।
इससे पहले मंगलवार तड़के पुलिस ने फैक्ट्री मालिक और आदिल के पिता नौशाद (50) को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक नौशाद शहर छोड़कर भागने की कोशिश में था। वहीं, मंगलवार रात प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए आदिल के घर को भी ढहा दिया था। पुलिस अब फैक्ट्री संचालन, विस्फोट के कारण और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।






