हापुड़
गंगा एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को तेज रफ्तार थार भीषण हादसे का शिकार हो गई। करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेस-वे की करीब छह लेन पार कर दूसरी ओर जा पहुंचा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में दो सगे भाई बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि थार सवार सभी लोग बदायूं के रहने वाले थे और दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन काफी तेज गति में था। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और थार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त थार से लोगों को बाहर निकाला गया। चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना से पहले वाहन की गति और हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिल सके।






