Home / अपराध / गड्ढे में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

गड्ढे में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

लक्ष्मीपुर से श्रीनरायन गुप्ता 

कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम गुलहरिया कला में बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान गुलाम वारिस (17 वर्ष) पुत्र वारिस अली, निवासी ग्राम गुलहरिया कला, थाना कोल्हुई के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुलाम वारिस खेत में धान की रोपाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह किसी आवश्यक कार्य से खेत के पास स्थित एक गहरे गड्ढे की ओर गया। बताया जा रहा है कि गड्ढे के किनारे अचानक उसका पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे पानी से भरे गड्ढे में गिर पड़ा।आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्ष्मीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में पानी से भरे गहरे गड्ढे लोगों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खुले और गहरे गड्ढों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित कराया जाए,ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।इस सम्बंध में थाना प्रभारी कोल्हुई गौरव सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है।गड्ढे में हाथ धुलने के दौरान डूबकर मौत हो गई। शव पीएम के लिए भेज दिया गया है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल