गोरखपुर
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) के आयोजन के तहत रविवार को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और इसके आसपास बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे, जिससे विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में काफी चहल-पहल रही।
इस वर्ष नीट परीक्षा में देशभर से लाखों अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं और परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया।गोरखपुर में भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के पहुंचने के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। प्रवेश द्वार पर सघन जांच की गई और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, हल्के कपड़े पहनने, प्रतिबंधित वस्तुएं न लाने और एडमिट कार्ड के साथ पहचान पत्र अनिवार्य रूप से रखने की हिदायत दी गई थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन ने मिलकर परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भी भीड़ देखी गई, जो परीक्षा समाप्त होने तक अपने बच्चों का इंतजार करते रहे। कुल मिलाकर, गोरखपुर विश्वविद्यालय में नीट परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है







