लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
लक्ष्मीपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में यहां सफलतापूर्वक सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) की शुरुआत की गई, जिसके तहत एक महिला का सुरक्षित प्रसव कराकर एक स्वस्थ बच्ची का जन्म कराया गया। इस उपलब्धि से न केवल स्वास्थ्य विभाग में उत्साह का माहौल है, बल्कि क्षेत्रीय लोगों में भी भरोसा बढ़ा है।
जानकारी के अनुसार विशुनपुर फुलवरिया निवासी 22 वर्षीय नूर आईशा खातून को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों द्वारा तत्काल लक्ष्मीपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों की टीम ने महिला की स्थिति का गहन परीक्षण किया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सामान्य प्रसव संभव नहीं है और जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिजेरियन ऑपरेशन करना आवश्यक है।
सीएमओ के मार्गदर्शन में गठित चिकित्सकीय टीम ने पूरी सतर्कता और विशेषज्ञता के साथ ऑपरेशन की तैयारी की। आधुनिक उपकरणों और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के बीच डॉक्टरों ने ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
परिणामस्वरूप महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं, जिससे परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है।सीएमओ ने आगे कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है कि सरकारी अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।इस अवसर पर डॉ.अरुण गुप्ता,डॉ.कविता अग्रवाल,डॉ.आरवी राम,पवन पांडेय,नफीसा खातून,सचित्र लाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।






