नई दिल्ली
जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रा निशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया है। पुलिस को आरोपी के बुलंदशहर में मौजूद होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने सादे कपड़ों में पहुंचकर निगरानी की और कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
इससे पहले पुलिस को आरोपी के मौके से फरार होने की सूचना मिली थी। बताया गया था कि वह हेलमेट पहनकर बाइक से जंतर-मंतर से निकल गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
मामले को लेकर शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर काफी गहमागहमी रही। निशु आजाद और उनके पिता संजय आजाद के अलावा आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद, सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और अधिवक्ता ऋषभ रंजन ने मीडिया से बातचीत की।
निशु आजाद ने आरोप लगाया कि उन्हें कई दिनों से गाली-गलौज, दुष्कर्म की धमकियों और अश्लील स्टिकर के जरिए परेशान किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि भय के कारण वह करीब दो-तीन सप्ताह तक कॉलेज भी नहीं जा सकीं।
संजय आजाद के मुताबिक, पुलिस ने एफआईआर में मांगी गई धाराएं शामिल करने की मांग स्वीकार करते हुए 72 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी का भरोसा दिया था। आरोपी के हिरासत में लिए जाने के बाद अब पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।




