नई दिल्ली
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन गुरूवार को 35वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों और केंद्र सरकार के बीच गतिरोध के बीच आज दोपहर करीब 12:30 बजे CJP के प्रतिनिधिमंडल की केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात होने की संभावना है।
इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने CJP के प्रवक्ताओं से मुलाकात की थी। वहीं सरकार का कहना है कि उसने चार बार CJP को बातचीत के लिए आमंत्रित किया, लेकिन संगठन के प्रतिनिधि नहीं पहुंचे। दूसरी ओर CJP का कहना है कि वह किसी मंत्री के आवास पर नहीं, बल्कि किसी निष्पक्ष (न्यूट्रल) स्थान पर बातचीत चाहता है।
उधर, 26 दिनों तक भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने 27वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जंतर-मंतर पर आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राजीव चौक और लोक कल्याण मार्ग समेत मध्य दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। देर रात संसद मार्ग पर प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड्स तोड़े जाने के बाद पुलिस ने सुरक्षा और बढ़ा दी है। CJP ने आज देशभर में भी विरोध-प्रदर्शन करने का आह्वान किया है।






