बाराबंकी
सुबेहा थाना क्षेत्र के गुमान सिंह मजरे कोलवा गांव में रविवार को बंजर जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि दबंगों ने 70 वर्षीय शमशेर के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बचाव में पहुंचे परिवार के छह सदस्यों और बीच-बचाव कर रहे दो ग्रामीणों को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने चार आरोपितों को हिरासत में लिया है।
बताया गया कि शमशेर और विक्रमाजीत सिंह के परिवार के बीच घर के सामने स्थित बंजर जमीन पर कब्जेदारी को लेकर करीब दो वर्ष से विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर विक्रमाजीत का बेटा रोशन सिंह कुछ लोगों के साथ ट्रैक्टर लेकर जमीन पर पहुंचा और जुताई कर कब्जा करने लगा। शमशेर ने विरोध किया तो आरोप है कि रोशन ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।
वृद्ध को बचाने पहुंचे परिजनों पर भी हमला कर दिया गया। घटना में बदरुननिशा, सजीदुन निशा, शबा, रशीद अली, शबरीन और अरमान अली घायल हुए। बीच-बचाव करने पहुंचे शंकर लाल और उनके बेटे राजेंद्र को भी पीटा गया। सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शमशेर को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर, दोपहिया वाहन और लाठी-डंडे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में बाहरी लोगों को भी बुलाए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।






