महराजगंज
नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के बीच सीमावर्ती उत्तर प्रदेश में भी खतरा बढ़ गया है। नेपाल से बहकर पांच हाथियों के यूपी की सीमा में पहुंचने की सूचना के बाद वन विभाग और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। वहीं, गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण महराजगंज और कुशीनगर में हाईअलर्ट घोषित किया गया है।
बताया जा रहा है कि नेपाल स्थित बैराज के सभी 36 गेट खोले जाने के बाद गंडक नदी में पानी का प्रवाह बढ़ गया है। इससे दोनों जिलों के नदी किनारे और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
बाढ़ की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मी गांवों में पहुंचकर लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी करा रहे हैं। ग्रामीणों से जरूरी सामान सुरक्षित रखने और नदी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
इधर, पांच हाथियों के यूपी की ओर आने की सूचना से वन विभाग भी सक्रिय हो गया है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीमें लगाई गई हैं। ग्रामीणों को हाथियों के पास नहीं जाने और उनकी मौजूदगी की सूचना तत्काल पुलिस अथवा वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।







