लखनऊ
पारा क्षेत्र में नगर निगम और पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद प्रशासन ने अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को भारी पुलिस बल और एक कंपनी पीएसी की मौजूदगी में नगर निगम की कैटल कैचर टीम ने अभियान चलाकर करीब 120 भैंसों को पकड़कर हटाया। कार्रवाई के दौरान तीन थानों की पुलिस तैनात रही। सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट से लैस थे।

अभियान के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। महापौर ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस टीम पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारा क्षेत्र को अवैध डेयरियों और आवारा पशुओं से मुक्त कराने के लिए अभियान जारी रहेगा।
बताया गया कि रविवार को अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची नगर निगम और पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। हमले में एक दरोगा के सिर में चोट लगी थी। मामले में पशु कल्याण अधिकारी अवधेश कुमार की शिकायत पर अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिश, नसीम, रानू, जीशान, नाफिश समेत 24 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कई आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि सोमवार को दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया। मंगलवार की कार्रवाई को इसी घटना के बाद प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है।







