सुल्तानपुर
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सैनिक का पार्थिव शरीर लेकर लखनऊ से गाजीपुर जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कला के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुई।
बताया गया कि एंबुलेंस लखनऊ से सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर गाजीपुर जा रही थी। इसी दौरान जरई कला के पास एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में देवरिया जिले के गइला दुधिला निवासी साजन सिंह (35), गौरव सिंह (28), राम समुझ सिंह (40) और एंबुलेंस चालक जसपाल (30) की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। यूपीडा कर्मियों के मुताबिक, दो शवों को पिठला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, चालक का शव एंबुलेंस में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए बचाव दल जुटा रहा था।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।






