तिरुवनंतपुरम
केरल सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वर्ष 2006 के एक पुराने मामले में विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। गृह मंत्री रमेश चेन्निथला के निर्देश पर विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (VACB) मामले की जांच करेगा। मामला केरल स्टेट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (KSTP) की सड़क निर्माण परियोजना में कथित भ्रष्टाचार और इससे जुड़े एक मलेशियाई ठेकेदार की मौत से संबंधित है।
उस समय ज्ञानेश कुमार केरल में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के पद पर तैनात थे। शिकायत के आधार पर अब मामले की दोबारा जांच का फैसला लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में पहले भी विजिलेंस की प्रारंभिक जांच हुई थी, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ सकी थी। नई जांच में सड़क निर्माण परियोजना में कथित अनियमितताओं के साथ ही ठेकेदार की मौत से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर केरल में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और उनके इस्तीफे की मांग उठ रही है। हाल के दिनों में निर्वाचन आयोग के कामकाज और SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी याचिकाएं दायर हुई हैं।
PTI के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के IAS अधिकारी रहे हैं। केंद्र सरकार में जाने से पहले उन्होंने केरल में विभिन्न विभागों में जिम्मेदारियां संभाली थीं।






