प्रयागराज
करछना क्षेत्र स्थित पचदेवरा हाल्ट पर बुधवार शाम एक भीषण रेल हादसा हो गया, जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बन गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पचदेवरा हाल्ट पर अधिक भीड़ होने की वजह से कुछ लोग रेलवे ट्रैक के करीब आ गए, तभी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक था कि लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
रेलवे पीआरओ के अनुसार, गाड़ी संख्या 12312 के गार्ड और लोको पायलट ने शाम करीब 6:15 बजे डाउन लाइन पर एक शव देखे जाने की सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस लगभग 6:47 बजे इस स्थान से गुजर रही थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की फोर्स तैनात की गई है। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे और पुलिस टीम ने सभी 5 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान के लिए आसपास के गांवों में सूचना भेजी जा रही है।
इस हादसे के बाद मुख्य रेल मार्ग पर कुछ समय के लिए रेल यातायात बाधित रहा। बाद में ट्रैक को साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया। करछना इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि मृतकों की पहचान प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।




