बलरामपुर
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के हर्रैया सतघरवा विकास खंड की कोहरोड़ा सहकारी समिति में खाद वितरण के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में किसान, महिलाएं और बुजुर्ग यूरिया खाद लेने के लिए करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़कर बायोमैट्रिक सत्यापन कराते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि समिति का एक कर्मचारी बायोमैट्रिक मशीन लेकर टंकी पर बैठा था और वहीं किसानों के अंगूठे का सत्यापन कर खाद वितरण की प्रक्रिया पूरी कर रहा था।
वीडियो में एक महिला भी खाद लेने के लिए टंकी पर चढ़कर अपने दस्तावेज दिखाती नजर आ रही है। किसानों का कहना है कि खाद लेने के लिए जान जोखिम में डालनी पड़ रही है। किसान राम प्रकाश ने आरोप लगाया कि कर्मचारी हवा खाने के बहाने टंकी पर बैठ जाते हैं और किसानों को वहीं बुला लेते हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई किसान गिर जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है।
नवलगंज के ग्राम प्रधान राम निवास गौतम ने समिति में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सचिव कई-कई दिनों तक कार्यालय नहीं आते, जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी विपिन जैन ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह मामला भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र का बताया जा रहा है।





