महराजगंज कोल्हुई से श्रीनरायन गुप्ता
गोरखपुर – सोनौली राजमार्ग स्थित एकसड़वा ओवरब्रिज के पास शनिवार की सुबह नौ बजे हुए सड़क हादसे में एक व्यवसायी की मृत्यु हो गई ,जबकि पत्नी सहित छह लोग घायल हो गए।अड्डा बाजार निवासी व्यवसायी लख्खी चंद स्वजनों सहित कार से अपने एक रिश्तेदार का हालचाल लेने गोरखपुर जा रहे थे,अभी उनकी कार राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एकसड़वा स्थित दक्षिणी ओवरब्रिज से नीचे उतर ही रही थी ।इसी दौरान सामने से आ रहे पिकअप से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई ।इस हादसे में व्यवसाई लख्खी चंद की मौके पर ही मृत्यु हो गई,जबकि वाहन में सवार पत्नी, बेटी व दामाद सहित छह लोग घायल हो गए।
कोल्हुई पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया।जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल रविंद्र, सुनीता और गुड़िया देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार कर घर भेज दिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अड्डा बाजार और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लख्खी चंद के निधन की खबर मिलते ही स्वजन बदहवास होकर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
अन्य घायलों के स्वजन व सगे संबंधी भी घायलों का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे।व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, गुड्डू सिंह, विक्के सिंह,लुटावन सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने व्यावसाई लख्खी चंद के मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए गंभीर घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।






