पुरन्दरपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
महराजगंज के थाना पुरन्दरपुर के ग्राम सोहरवलिया खुर्द के टोला परसौहिया निवासी जीशान (20) की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जीशान पुत्र बंगाली शुक्रवार देर रात अमन वर्मा पुत्र छेदी वर्मा व कुछ अन्य लोगों के साथ समरधीरा चौराहे पर बिरयानी खाने गया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 10 बजे सभी लोग वहां मौजूद थे। इसी दौरान किसी ने निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली लगने से जीशान गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।

गोली चलने की सूचना मिलते ही मौके पर परिजन और पुलिस पहुंच गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल जीशान को इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।






