लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
विकास खंड लक्ष्मीपुर की ग्राम पंचायत कोट कम्हरिया स्थित बृहद गोसदन केंद्र के पास जंगल किनारे गड्ढे में बड़ी संख्या में मृत पशुओं के पड़े होने का वीडियो इन्टरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही अधिकारियों ने देर रात मौके पर पहुंचकर गड्ढे को मिट्टी से ढंकवा दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
करीब 10 वर्ष पहले प्रदेश सरकार ने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण के लिए लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत से इस बृहद गोसदन की स्थापना कराई थी। वायरल वीडियो में गोसदन के निकट गड्ढे में मृत पशुओं के शव दिखाई देने से गोवंश संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मृत पशुओं का निर्धारित मानकों के अनुसार निस्तारण नहीं किया गया, तो इससे पर्यावरण प्रदूषण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।उनका आरोप है कि केवल मिट्टी डालकर मामला दबाने के बजाय यह पता लगाया जाना चाहिए कि इतने पशुओं की मौत कैसे हुई और उनके निस्तारण में नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।खंड विकास अधिकारी मृत्युंजय यादव ने बताया कि प्रसारित वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







