बदायू
गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 175 के पास सुबह करीब 3:45 बजे हुआ।
बताया गया कि नेपाल से चंडीगढ़ जा रही अर्टिगा कार में नौ लोग सवार थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने स्टेयरिंग घुमा दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई और करीब 25 से 30 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में कार का पिछला गेट टूट गया और पीछे बैठे दो महिलाओं तथा एक युवक कार के नीचे दब गए। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी को वजीरगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मां को तलाशता रहा मासूम: हादसे के बाद अस्पताल में सबसे मार्मिक दृश्य देखने को मिला। मृत महिला का करीब दो वर्षीय मासूम अपनी मां की मौत से अनजान बार-बार ‘मम्मी-मम्मी’ कहकर उसे तलाशता रहा। बच्चे को रोते देख अस्पताल में मौजूद तीमारदारों ने उसे संभाला। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।




