लखनऊ
उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने व्यापक तबाही मचाई। उन्नाव, प्रयागराज, लखनऊ, मेरठ समेत कई जिलों में पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जबकि रेल यातायात भी बाधित रहा।
उन्नाव में चलती कार पर पेड़ गिरने का वीडियो सामने आया है, जिसने तूफान की भयावहता को उजागर कर दिया। प्रदेशभर में आंधी-तूफान से जुड़े अलग-अलग हादसों में अब तक मां-बेटे समेत 15 लोगों की मौत हो चुकी है। बदायूं और फतेहपुर में सबसे ज्यादा पांच-पांच लोगों ने जान गंवाई।
मौसम का सबसे ज्यादा असर प्रयागराज, बांदा, जौनपुर और प्रतापगढ़ में देखने को मिला, जहां 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई स्थानों पर ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग ने लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर समेत कई जिलों में अगले तीन घंटे के लिए तेज बारिश, आकाशीय बिजली और आंधी का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।







