महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र में गुरूवार की शाम स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। मल्हनी फुलवरिया के पास जंगल किनारे आधा दर्जन बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी पर हमला कर लाखों रुपये के जेवरात और बाइक लूट ली। घायल व्यवसायी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मीपुर बाजार निवासी रंजीत सोनी (35) ग्राम पंचायत मानिक तालाब के धनहिया चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान चलाते हैं। मंगलवार की शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मल्हनी फुलवरिया के पास जंगल किनारे पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि सभी हमलावर दो बाइकों पर सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने बीयर की बोतल और डंडों से रंजीत सोनी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद करीब डेढ़ किलो चांदी, 20 ग्राम सोना और बाइक लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल व्यवसायी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
घटना से नाराज व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि जंगल किनारे वाले इस मार्ग पर पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने से बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुरन्दरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज राय ने बताया कि स्वर्ण व्यवसायी से लूट की सूचना मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।






