महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
रामनगर क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बाग से लावारिस हालत में साखू के दो बड़े बोटे बरामद किए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक बाग में संदिग्ध परिस्थितियों में लकड़ी रखी गई है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान बाग में साखू की लकड़ी के दो बड़े कटे हुए बोटे पड़े मिले। वनकर्मियों ने आसपास के लोगों से काफी देर तक पूछताछ की, लेकिन लकड़ी पर किसी ने अपना दावा नहीं किया। इसके बाद वन विभाग ने दोनों बोटों को कब्जे में लेकर विभागीय परिसर भिजवा दिया।
वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि लकड़ी को चोरी-छिपे काटकर तस्करी के उद्देश्य से यहां छिपाया गया था। हालांकि विभाग अभी यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से काटी गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने जांच तेज कर दी है।
रेंजर चौक आरपी सिंह ने बताया कि बरामद लकड़ी की कीमत का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध कटान और लकड़ी तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों में डर का माहौल देखा जा रहा है। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध कटान या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






