निचलौल महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। शिविर में कुल 165 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवादों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का स्तर न्यूनतम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
सोनबरसा गांव के धारा 30(2) के एक प्रकरण में लेखपाल और कानूनगो द्वारा रिपोर्ट देने में देरी पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए दोनों से स्पष्टीकरण तलब कर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं तहसीलदार निचलौल को धारा 24 और 116 के मामलों में न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा।
महराजगंज-ठूठीबारी मार्ग से जुड़ी शिकायतों पर अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग से स्पष्टीकरण मांगा गया। बिजली और चकबंदी विभाग के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों एवं लंबित मामलों पर संबंधित अधिकारियों को भी जवाब देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व न्यायालयों के आदेशों के पालन में लापरवाही मिलने पर कानूनगो और लेखपाल की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







