Home / सामाजिक / स्कूल चलो अभियान: लक्ष्मीपुर ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों में निकली जागरूकता रैली, 100% नामांकन का दिया संदेश  

स्कूल चलो अभियान: लक्ष्मीपुर ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों में निकली जागरूकता रैली, 100% नामांकन का दिया संदेश  

महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता 

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को लक्ष्मीपुर ब्लॉक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में जागरूकता रैलियां निकालकर अभिभावकों और ग्रामीणों को बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।

इस क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद राणा के नेतृत्व में उच्च प्राथमिक विद्यालय महदेवा बसडीला के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने पूरे गांव में जागरूकता रैली निकाल कर अभियान की शुरुआत की। रैली के दौरान बच्चों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े आकर्षक नारे लगाए और ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। रैली में गांव के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अभियान की सराहना की।

इसी प्रकार लक्ष्मीपुर विकास खंड के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में भी स्कूल चलो अभियान के तहत रैलियां आयोजित की गईं। विद्यालयों के शिक्षकों ने अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।

खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद राणा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का यह अभियान प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य ड्रॉप-आउट तथा विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा का अधिकार पहुंचाना है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ध्रुव नारायण गुप्ता सहित मदन मुरारी, अशोक कुमार यादव, विश्वनाथ चौधरी, धर्मेंद्र कुमार, वीरेन्द्र कुमार, दिनेश यादव तथा अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल