कोल्हुई महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-29) पर गुरचिहा गांव के पास शुक्रवार दोपहर अर्टिगा कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि गुरचिहा गांव के पास हाईवे पर सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना पर थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि अर्टिगा कार संख्या यूपी 53 एलटी 1699 गोरखपुर से सोनौली की ओर जा रही थी। इसी दौरान गुरचिहा गांव की ओर से बाइक संख्या यूपी 56 एवी 4290 पर सवार दो युवक अचानक हाईवे पर आ गए और कार में साइड से टकरा गए।

घायल अखिलेश
—————–
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में विकास पुत्र चंद्रभान चौहान (17), निवासी कैथवलिया पाठक, थाना कोल्हुई और उसका साथी अखिलेश अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर भेजा। वहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया, जबकि अखिलेश का उपचार चल रहा है।

विकास कुमार मृतक
घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया और अर्टिगा चालक से पूछताछ शुरू कर दी। इसी दौरान चालक के पक्ष के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी।






