जौनपुर
केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुफ्तीगंज बाजार के निकट बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब बरातियों से भरी सफारी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाराणसी से जौनपुर आ रही बारात जब मुफ्तीगंज के पास पहुँची, तभी सफारी वाहन असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर पड़ा। मृतकों की पहचान बबलू सोनकर (45) पुत्र शंकर सोनकर, श्यामलाल सोनकर (35) पुत्र मुरली सोनकर और राजू सोनकर (45) पुत्र विजय सोनकर के रूप में हुई है। तीनों वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुँचाया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस अमला सक्रिय हो गया। एसपी डॉ. कौस्तुभ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुँचे और घायलों का हालचाल जाना।
खुशियों के माहौल में शामिल होने जा रहे इन लोगों के घरों में अचानक मातम छा गया। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हादसे में तीन की मौत और दो लोग घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।





