जालौन
कालपी क्षेत्र में सोमवार सुबह जोल्हुपुर मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग अयोध्या से लौट रहे एक ही परिवार के सदस्य थे।
ललितपुर के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिजनों के साथ दर्शन कर उरई लौट रहे थे। सुबह करीब 6 बजे चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
कार में फंसे घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ लोग करीब एक घंटे तक अंदर फंसे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत-बचाव कार्य कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मेडिकल कॉलेज में लापरवाही
घायलों को अस्पताल लाने के बाद भी लापरवाही दिखी। इमरजेंसी के बाहर वार्ड बॉय न होने से मरीज करीब 10 मिनट तक एम्बुलेंस में तड़पते रहे, बाद में लोगों ने उन्हें अंदर पहुंचाया।




