मथुर
यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में करीब आठ फीट तक घुस गया। दुर्घटना में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायल हो गए।
टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के भीतर बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, यथास्थिति बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया।






