लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र चौधरी ने शुक्रवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्ष्मीपुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी व्यवस्था, दवा भंडारण, वार्डों की स्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. चौधरी ने अस्पताल में सिजेरियन (सी-सेक्शन) प्रसव सेवा की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक संसाधनों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की कमी का मुद्दा भी सामने आया। इस पर सीएमओ ने आश्वासन दिया कि रिक्त पदों को भरने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, ताकि क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।इस दौरान अधीक्षक डा अरूण गुप्ता,डा जयनेद्र,डा मनीष कश्यप,आदित्य त्रिपाठी,आलमगीर,विनय पांडेय मौजूद रहे।







