गोरखपुर
जिले के उरुवा बाजार क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पौत्र के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से सनसनी फैल गई है। सड़क किनारे उसकी साइकिल और पास के खेत में एक चप्पल मिलने के बाद पुलिस अपहरण की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। बच्चे की तलाश के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं और शहरभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, खजनी कस्बे के सर्राफा व्यवसायी लक्ष्मी नारायण वर्मा का पौत्र वैभव वर्मा सोमवार दोपहर स्कूल से घर लौटने के बाद यूनिफॉर्म बदलकर साइकिल से बाहर निकला था। घरवालों ने उसे भोजन के लिए बुलाया, लेकिन उसने कुछ देर में लौटने की बात कही और फिर वापस नहीं आया।
परिजनों द्वारा तलाश शुरू करने पर घर से कुछ दूरी पर उसकी साइकिल लावारिस हालत में मिली। आसपास खोजबीन के दौरान एक खाली खेत से उसकी एक चप्पल भी बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मनीष कुमार शर्मा, स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच और अन्य टीमें मौके पर पहुंच गईं।
जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में वैभव दोपहर 2:07 बजे दूसरी गली से साइकिल लेकर जाते हुए दिखाई दिया है। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, लोगों से पूछताछ करने और संभावित ठिकानों पर तलाश अभियान चलाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चे को सकुशल बरामद करना प्राथमिकता है और हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है।






