अयोध्या
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पहले पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार से शुरू हुए साक्षात्कार के पहले दिन आठ अभ्यर्थियों ने समिति के समक्ष अपना पक्ष रखा। इनमें तीन पूर्व आईएएस, एक पूर्व आईपीएस और चार पूर्व सैन्य अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। प्रत्येक उम्मीदवार से करीब 40 से 50 मिनट तक बातचीत हुई।
साक्षात्कार में प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और राम मंदिर परिसर के प्रबंधन को लेकर उनकी समझ पर सवाल किए गए। इसके साथ ही धार्मिक आस्था, हिंदू परंपराओं और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए। अभ्यर्थियों से मंदिर के आगामी विस्तार और परिसर के विकास को लेकर उनके विजन तथा कार्ययोजना की जानकारी भी ली गई।
CEO पद के लिए करीब 5,200 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 18 उम्मीदवारों को अंतिम रूप से साक्षात्कार के लिए चुना गया है। सभी अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की प्रक्रिया लगभग पांच दिनों तक चलने की संभावना है। साक्षात्कार से पहले उम्मीदवारों को राम मंदिर परिसर का भ्रमण भी कराया गया।
चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति 18 उम्मीदवारों में से तीन नामों की संस्तुति ट्रस्ट को करेगी। अंतिम निर्णय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा लिया जाएगा। नए CEO से मंदिर प्रशासन को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के साथ भविष्य की योजनाओं को गति देने की उम्मीद है।







