अयोध्या
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद को लेकर चल रही चयन प्रक्रिया में पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में सामने आया है। इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अंतिम तीन नामों पर मंथन चल रहा है। ऐसे में राजेश पांडेय के नाम पर जल्द मुहर लगने की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से अभी उनकी नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
राजेश पांडेय उत्तर प्रदेश कैडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं। करीब 32 वर्ष की पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने लखनऊ, अलीगढ़ और मेरठ समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जिम्मेदारियां संभालीं। उन्हें एनकाउंटर विशेषज्ञ के रूप में भी जाना जाता है। रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने 80 से अधिक मुठभेड़ों में भूमिका निभाई। वह उत्तर प्रदेश एसटीएफ और एटीएस के संस्थापक सदस्यों में भी शामिल रहे हैं।
राम मंदिर के CEO पद के लिए देशभर से हजारों आवेदन आए थे, जिनमें से 18 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया था। 12 और 13 अगस्त को चयन प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों के इंटरव्यू हुए। अब चयन समिति द्वारा भेजे जाने वाले नामों में से ट्रस्ट अंतिम निर्णय करेगा।
यदि राजेश पांडेय के नाम पर अंतिम मुहर लगती है तो मंदिर के प्रशासनिक संचालन, सुरक्षा, व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के समन्वय की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।







