लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
भागीरथी कृषक इंटर कॉलेज में छात्राओं को ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम में लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक डा. अरुण गुप्ता ने छात्राओं और अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने टीके को लेकर फैली विभिन्न भ्रांतियों और अफवाहों को दूर करते हुए इसके महत्व की जानकारी दी।
डा. अरुण गुप्ता ने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरस है। इसके कुछ प्रकार आगे चलकर गर्भाशय ग्रीवा समेत कई प्रकार के कैंसर का कारण बन सकते हैं। निर्धारित उम्र में एचपीवी का टीका लगवाने से संक्रमण से बचाव में काफी मदद मिलती है। उन्होंने वैक्सीन की सुरक्षा, प्रभावशीलता और संभावित सामान्य दुष्प्रभावों के बारे में भी विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि टीका लगने के बाद इंजेक्शन वाली जगह पर हल्का दर्द, लालिमा, हल्का बुखार या सिरदर्द हो सकता है, जो सामान्यतः थोड़े समय में ठीक हो जाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या भ्रम में आकर टीकाकरण से पीछे न हटें और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार बच्चों का टीकाकरण कराएं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की देखरेख में विद्यालय में टीकाकरण शुरू होने से छात्राओं में उत्साह देखा गया। विभाग ने लोगों से एचपीवी टीके के संबंध में प्रमाणित और सही जानकारी अपनाने की अपील की।






