बदायूं
समरेर क्षेत्र स्थित जेपीएन सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय में रविवार को खाना खाने के बाद सात छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी छात्राओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद पांच छात्राओं को परिजन घर ले गए, जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में गर्मी के कारण तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, खाना खाने के बाद छात्राओं की हालत खराब होने से भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की जांच के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मामले में विद्यालय प्रबंधन ने तीन छात्राओं के बीमार होने की जानकारी दी, जबकि सीएचसी के रजिस्टर में सात छात्राओं के भर्ती होने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसे लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
सूचना पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने भी मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। अभिभावकों ने विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया है। फिलहाल जिला अस्पताल में दो छात्राओं का उपचार चल रहा है।




