संभल
असमोली थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल के मुख्य गेट पर बना छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
घटना जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है। स्कूल में ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के बच्चे भी स्कूल परिसर में पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे स्कूल के मुख्य गेट पर बने छज्जे पर चढ़ गए। बच्चों के अधिक संख्या में चढ़ने से छज्जे पर भार बढ़ गया और अचानक वह टूटकर नीचे आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।
सूचना पर डीएम और एसपी पुलिस लाइन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम छोड़कर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन हादसे की जांच कर रहा है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
मृत बच्चे के पिता ने स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग नहीं की। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे की जिंदगी इतनी ही थी और सरकार से उनकी कोई मांग नहीं है।





