वाशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में मतदान के लिए वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य करने की अपनी मांग एक बार फिर दोहराई है। उन्होंने भारत की चुनाव व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका को भी चुनाव प्रक्रिया में इसी तरह की व्यवस्था लागू करनी चाहिए।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का उल्लेख करते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव का आंकड़ा साझा किया। उन्होंने कहा कि भारत में करीब 64.6 करोड़ लोगों ने मतदान किया और एक प्रतिशत से भी कम मतदाताओं ने डाक के जरिये वोट डाला। ट्रंप ने दावा किया कि भारत में मतदान के लिए प्रत्येक मतदाता के पास वैध फोटो पहचान पत्र होना जरूरी है।
उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के प्रस्तावित ‘सेव अमेरिका एक्ट’ को जल्द पारित करने की जरूरत बताई। ट्रंप और उनके समर्थकों का कहना है कि मतदाता की पहचान व नागरिकता की सख्त जांच से चुनाव प्रक्रिया अधिक सुरक्षित होगी और अवैध मतदान की आशंका घटेगी।
हालांकि, डेमोक्रेट नेताओं और कुछ संगठनों का विरोध है। उनका तर्क है कि फोटो आईडी और नागरिकता संबंधी दस्तावेज अनिवार्य होने से ऐसे पात्र मतदाताओं को परेशानी हो सकती है, जिनके पास जरूरी दस्तावेज नहीं हैं। अमेरिका में आगामी तीन नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों से पहले चुनावी नियमों को लेकर बहस तेज हो गई है।







