Home / राजनीत / एक लाख सरकारी नौकरियों की घोषणा पर मायावती का तंज, बोलीं- चुनावी कदम ज्यादा

एक लाख सरकारी नौकरियों की घोषणा पर मायावती का तंज, बोलीं- चुनावी कदम ज्यादा

 

लखनऊ

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने सरकार के फैसले का स्वागत तो किया, लेकिन घोषणा के समय को लेकर इसे चुनावी कदम करार दिया।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रदेश सरकार ने अगले छह महीने यानी विधानसभा चुनाव से पहले एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिहाज से यह कदम सही है, लेकिन चुनाव के ठीक पहले इसकी घोषणा होने से इसकी मंशा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकार को अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए था। चुनाव नजदीक आने पर इतनी बड़ी भर्ती की घोषणा को उन्होंने युवाओं को आकर्षित करने की कोशिश बताया।

मायावती ने उम्मीद जताई कि यदि सरकार वास्तव में भर्तियां करती है तो प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। उन्होंने पेपरलीक, भ्रष्टाचार और भर्ती में देरी जैसी समस्याओं से बचने की जरूरत बताई। साथ ही कहा कि यह घोषणा केवल चुनावी वादे तक सीमित न रह जाए, बल्कि युवाओं को समय पर वास्तविक रोजगार मिले।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल