Home / शिक्षा / परिजनों की मृत्यु पर 15 दिन के विशेष अवकाश और सेवानिवृत्ति के बाद भी आजीवन कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग

परिजनों की मृत्यु पर 15 दिन के विशेष अवकाश और सेवानिवृत्ति के बाद भी आजीवन कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग

 

लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता 

शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर रविवार को टीचर्स सेल्फ केयर टीम महराजगंज के जिला संयोजक सुनील कुमार प्रजापति के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के परिवार में किसी सदस्य की मृत्यु होने पर उन्हें 15 दिन का विशेष अवकाश प्रदान किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परिवार के किसी सदस्य के निधन के बाद कर्मचारी को मानसिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों से उबरने के लिए पर्याप्त समय की आवश्यकता होती है। ऐसे में 15 दिन का विशेष अवकाश उन्हें परिवार के साथ रहने और आवश्यक दायित्वों का निर्वहन करने में सहायक होगा।इसके साथ ही कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ सेवानिवृत्ति के बाद भी आजीवन जारी रखने की मांग प्रमुखता से रखी गई। टीम के पदाधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें बढ़ जाती हैं, इसलिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों को जीवनभर कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलना उनके हित में महत्वपूर्ण कदम होगा।

जिला संयोजक सुनील कुमार प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार शिक्षक हित में सकारात्मक निर्णय ले रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इन दोनों मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।

उन्होंने शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना तथा एसबीआई के माध्यम से टर्म इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी व्यक्त किया।गौरतलब है कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम प्रांतीय अध्यक्ष एवं संस्थापक विवेकानंद आर्य के नेतृत्व में दिवंगत शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है। अब तक टीम द्वारा उत्तर प्रदेश के 636 परिवारों को कुल 287 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी जा चुकी है। जिसमें महराजगंज के 13 शिक्षकों के परिजनों को मिलने वाली सहायता राशि भी शामिल हैं।ज्ञापन सौंपने के दौरान चंद प्रकाश, प्रकाश चंद, चंद्रभान प्रसाद, महेश कुमार, संजय भारती, अजातशत्रु सिंह, अभिषेक मिश्रा, राहुल कंसल, राजेश्वर यादव, अमित सिंह, अर्जुन, दिलीप गुप्ता और राजाराम प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisements

राशिफल