लखनऊ
भाजपा ने उत्तर प्रदेश संगठन में मीडिया से जुड़े पदों की घोषणा कर दी है। संभल की चंदौसी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक एवं माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी की बड़ी बेटी साक्षी दिवाकर को लगातार दूसरी बार प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार रात संगठन के मीडिया विभाग से जुड़े पदाधिकारियों की सूची जारी की।
साक्षी दिवाकर पहले भी भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। पार्टी ने उनके मीडिया अनुभव को देखते हुए उन्हें एक बार फिर प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व दिया है।
साक्षी की मां गुलाब देवी चंदौसी से भाजपा विधायक होने के साथ प्रदेश सरकार में माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री हैं। वहीं उनकी छोटी बहन भी राजनीति में सक्रिय हैं और ब्लॉक प्रमुख का दायित्व संभाल रही हैं। परिवार के कई सदस्यों के राजनीति में सक्रिय होने को लेकर विपक्ष भाजपा पर परिवारवाद के आरोप लगाता रहा है।
खास बात यह है कि साक्षी दिवाकर को हाल ही में जिला पंचायत सदस्य के उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद भाजपा संगठन ने उन्हें प्रदेश स्तर पर मीडिया की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इसे पार्टी के भीतर उनके संगठनात्मक और मीडिया अनुभव पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।





