अलीगढ़
रेलवे रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस उस समय हंगामे में बदल गई, जब पार्टी के दो नेताओं के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। प्रेस वार्ता के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले, वहीं बेल्ट और जूते-चप्पल तक चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक बंसल मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर आलोक गौड़ और शाहिद गुड्डू के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करने लगे।
मौके पर मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव का प्रयास किया। बाद में विवेक बंसल ने भी हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ और दोनों नेताओं को अलग किया गया।
घटना के पीछे विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। कांग्रेस की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।





