लक्ष्मीपुर महराजगंज से श्रीनरायन गुप्ता
महात्मा बुद्ध इंटरमीडिएट कॉलेज,अड्डा बाजार की कक्षा 12 की एनसीसी कैडेट कुमारी सिंधु को एनसीसी में उत्कृष्ट कार्य,अनुशासन और सराहनीय योगदान के लिए छह हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि कैडेट वेलफेयर सोसाइटी (सीडब्ल्यूएस) के माध्यम से 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जयशंकर चौधरी, सेना मेडल की ओर से दी गई।
ग्राम करैला निवासी सिंधु एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करती रही हैं। उनके समर्पण, अनुशासन,उत्कृष्ट प्रदर्शन और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों के निर्वहन को देखते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि के लिए चयनित किया गया।सिंधु की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। प्रधानाचार्य एवं एनसीसी अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के सम्मान से विद्यार्थियों में अनुशासन,राष्ट्रसेवा,नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि सिंधु की उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।विद्यालय परिवार ने कुमारी सिंधु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए एनसीसी के माध्यम से राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामना दी।







