अम्बेडकर नगर
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने यातायात व्यवस्था को हिलाकर रख दिया। जैतपुर थाना क्षेत्र में अंबरपुर टोल प्लाजा के पास किलोमीटर संख्या 85 पर बिहार से आ रही वोल्वो बस अनियंत्रित होकर ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू कराया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
हादसे के चलते एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर के कारण कुछ समय तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर दुर्घटना किस वजह से हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।





