लखनऊ
महिगवां थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे 25 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। रविवार देर रात छत पर सो रहे सतीश यादव पर हमलावरों ने करीब 15 बार चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल सतीश ने हिम्मत नहीं हारी और जान बचाने के लिए छत से खेत में कूदने के बाद करीब 400 मीटर तक दौड़ा, लेकिन कुछ दूर जाकर वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
रात करीब दो बजे गांव के एक व्यक्ति की नजर खेत में लहूलुहान पड़े सतीश पर पड़ी। उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और पुलिस घायल को अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे केजीएमयू रेफर किया गया, जहां सोमवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता की तहरीर पर महिगवां पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम प्रसंग, ननिहाल की जमीन बेचने को लेकर विवाद समेत तीन संभावित बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। बताया गया कि सतीश ने महज पांच दिन पहले ही निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी शुरू की थी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।






